Showing posts with label gender bias. Show all posts
Showing posts with label gender bias. Show all posts

Wednesday, October 3, 2012

इतना बेहूदा और अश्लील बयान ?

कांग्रेसी कोयला मंत्री का यह कहना कि  -- "औरत जब पुरानी हो जाती है तो मज़ा नहीं देती " ---बेहद दुखद और खेदजनक है ! इस तरह के बेहूदा और अश्लील बयान देने वाले सत्ता में बैठकर , जनता के पैसों पर ऐश कर रहे हैं। और उससे भी घृणित ये है की कांग्रेसी महिला मंत्री इन जैसों के इस घटिया बयान को लीपा-पोती कर सही ठहरा रही हैं। क्या हो गया है इन कांग्रेसियों को? न पुरुषों में लज्जा है न ही स्त्रियों में कोई स्वाभिमान शेष रह गया है?

महिला आयोग भी चुप हैं ?

हो रहा भारत निर्माण ....?

Sunday, March 18, 2012

माँ चाहिए, पत्नी चाहिए, गर्ल फ्रेंड चाहिए लेकिन 'बेटी' नहीं

हर किसी को माँ चाहिए, पत्नी चाहिए, गर्ल फ्रेंड चाहिए लेकिन 'बेटी' किसी को नहीं चाहिए। शिक्षा का इतना प्रचार प्रसार होने के बावजूद भी रूढ़िवादी सोच से मुक्त नहीं हो पाये हैं लोग। कुल का दीपक 'बेटा' ही है। बेटियां अभी भी बोझ ही लगती हैं। आज की तारीख में भी गर्भ में ही मार दिए जाते हैं कन्या भ्रूण और देखने को मिलती हैं कचरे के ढेर पर उनकी अजन्मी संरचनाएं। ये उस देश का हाल है जहाँ गार्गी, विद्द्योत्मा , लक्ष्मी बाई ,कल्पना चावला, सुनीता विलियम्स , किरण बेदी जैसी बेटियों ने इतिहास रच दिया है और जहाँ शास्त्रों में स्त्रियों को लक्ष्मी की संज्ञा दी गयी है।

Zeal

Saturday, June 4, 2011

स्त्री , स्त्री की दुश्मन नहीं होती है

पृथ्वी पर आधी आबादी पुरुष है और आधी आबादी स्त्री। दोनों ही प्रकृति की उत्कृष्ट संतानें हैं। दोनों ही इंसान हैं और विवेक तथा अविवेक का पुतला भी। जब तक हम प्रकृति की इन दोनों संतानों का मनोविज्ञान अच्छी तरह नहीं समझ लेंगे , तब तक मतभेद और मनभेद जन्म लेते ही रहेंगे। इसीलिए स्त्री-पुरुष का मनोविज्ञान समझना और उस पर सकारात्माक लिखना अथवा विमर्श द्वारा अनेक भ्रांतियों को दूर करना ही एकमात्र उद्देश्य है।

मेरे एक पाठक ने , एक आलेख पर लिखा की -"स्त्री पुरुष मानसिकता पर लिखना अतिवाद है " ....तो यह स्पष्ट कर दूं , की इस विषय पर मेरे लेख भिन्न-भिन्न पहलुओं पर समय-समय पर आते रहेंगे। और इन आलेखों से बहुत से लोगों को अनसुलझे प्रश्नों के उत्तर मिलते हैं। जिन्हें लोग पत्र लिखकर मुझे सूचित करते हैं। और यही प्रतिक्रियाएं , स्त्री-पुरुष मनोविज्ञान को समझने में मेरी रूचि बढ़ाती है और मैं इन विषयों पर लिखती हूँ।

अब हम बात करते हैं आज के विषय की - "स्त्री , स्त्री की दुश्मन नहीं होती है"

बहुत बार कुछ स्त्रियों के मुंह से ये जुमला सुनने को मिलता है की "स्त्री , स्त्री की दुश्मन होती है" । जब भी यह पढ़ती या सुनती हूँ, मन को बहुत दुःख होता जब यह बात ख़ास तौर पर स्त्रियाँ कहती हैं तो।

स्त्री होने के नाते , स्त्रियों की पहली जिम्मेदारी स्त्रियों के सम्मान की रक्षा करना है। इसलिए महिलाओं को बचना चाहिए ऐसे जुमलों का प्रयोग करने से। ये जुमला ज़रूर किसी विवेकहीन मनुष्य द्वारा बनाया गया है , जो अविवेकियों द्वारा ही यत्र-तत्र प्रयुक्त होता है और स्त्री की छवि को धूमिल करता है। यह तो अपने ही हाथों , अपने ही पैर पर कुल्हाड़ी मारने जैसी बात हुयी। क्या समझदार महिलाएं ऐसा करेंगी ? आज पढ़ी लिखी सासें अपने अनुभवों द्वारा अपनी बहू की तरक्की में मार्गदर्शन कर रही हैं तो कभी सुशिक्षित बहुएं अपनी साँसों के लिए बेटी के सामन प्रेम करने वाली हैं।

स्त्री , कभी भी स्त्री की दुश्मन नहीं होती। हर किसी का अनुभव अलग हो सकता है , लेकिन मेरे व्यक्तिगत अनुभवों में , मैंने कभी भी किसी स्त्री को अपने से द्वेष रखते हुए नहीं पाया। घर में , अस्पताल में , पड़ोस में और किसी भी प्रकार की विषम परिस्थिति में स्त्री को ही प्रथम अपनी सहायता के लिए तत्पर पाया । जो स्त्रियाँ , किसी स्त्री से द्वेष रखती हैं, वे मात्र अपने अज्ञान के कारण । आज पढ़े लिखे समाज में एक स्त्री , दूसरी स्त्री को बेहतर समझती है। जहाँ अशिक्षा एवं अज्ञान है , वहीँ पर कन्या भ्रूण हत्या अथवा दहेज़ जैसी कुप्रथाओं का प्रचलन है , जिसके लिए उनकी अज्ञानता ही जिम्मेदार है , और ऐसे निर्णय स्त्री अकेले नहीं लेती। बिना पुरुष की सहमती के भ्रूण हत्या या दहेज़ हत्या संभव नहीं है।

यदि स्त्रियाँ चाहती हैं की समाज में उन्हें सम्मान मिले तो सबसे पहले उन्हें ही अपने सम्मान की रक्षा करनी होगी। अतः निवेदन है महिलाओं से की इस प्रकार के जुमलों का प्रयोग करने से बचें , तभी सकारात्मक बदलाव आएगा। अन्यथा अविवेकी मनुष्यों के मस्तिष्क में यह जुमला घर कर जाएगा और उसके साथ ही द्वेष न रखने वाली स्त्रियाँ भी इस निरर्थक जुमले का शिकार बनेंगी ।

अतः द्वेष चाहे स्त्री और पुरुष में हो , अथवा स्त्री एवं स्त्री में हो , अथवा पुरुष और पुरुष में हो , इसके लिए द्वेष रखने वाले मनुष्य की जड़ता और अज्ञानता जिम्मेदार है , उसका gender नहीं ।

स्त्री-शक्ति को नमन।

.

Saturday, October 16, 2010

निराश हूँ इस जेंडर-बायस से !

मेरी पिछली पोस्ट पर आई टिप्पणियों में से आदरणीय मनोज भारती जी ने बहुत अच्छी टिपण्णी की लेकिन उनकी अंतिम पंक्ति ने एक नया प्रश्न खड़ा कर दिया है मन में । वे लिखते हैं कि --

" महिला ब्लॉगरों को, किसी भी विषय पर लिखने पर, प्राय: टिप्पणियाँ अधिक मिलती हैं । कहीं न कहीं यह महिला ब्लॉगरों के प्रति आकर्षण को भी सूचित करता है । "

मैं मनोज जी कि बात से सहमत नहीं हूँ। मुझे नहीं लगता कि एक गंभीर पाठक को इस बात से कोई सरोकार है कि लेख महिला ने लिखा है अथवा पुरुष ने। जो लोग गंभीर लेखन में विश्वास रखते हैं , वो जेंडर -बायस में विश्वास नहीं रखते।

एक पुरुष यदि अच्छी एवं सार्थक टिप्पणियां पाता है तो वह उसकी मेरिट है। और यदि किसी महिला ब्लोगर को सार्थक टिप्पणियां मिलती हैं तो वह उस लेखिका कि मेरिट है। इसमें लिंग-विभेद क्यूँ ?

यदि पुरुष आकर्षित होकर महिला ब्लोगर्स के लेखों पर लिखते हैं , तो फिर शायद महिला ब्लोगर्स भी पुरुष ब्लोगर्स के लेखों पर ज्यादा लिखती होंगी । फिर टिप्पणियों का तराजू तो बराबर ही रहेगा न ?

मेरा अनुरोध है कि कृपया इस तरह के विचारों को मन में स्थान न दें। ये स्वयं में एक पूर्वाग्रह है और महिला ब्लोगर्स के लिए निराशाजनक है।

यदि महिलाएं किसी क्षत्र में आगे आती हैं तो ये कहकर उनका मनोबल मत तोडिये कि जो कुछ उन्हें मिल रहा है वो सिर्फ उनके महिला होने के कारण है। महिलाओं में भी थोड़ी बहुत काबिलियत गलती से आ ही जाती है। और विद्वान् पुरुष अच्छे-बुरे लेखों को परखने कि भरपूर क्षमता रखते हैं।

पाठकों से एक अनुरोध -

यदि लेख पढ़कर मन में विचारों का मंथन हो तभी टिपण्णी कीजिये , केवल मैं या वो एक महिला है, इसलिए मत कीजिये। ये एक महिला के अस्तित्व का सर्वथा अपमान है। भूख नहीं ऐसी टिप्पणियों कि।

आभार।